नई दिल्ली : देशभर में कोरोना के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसे लेकर सभी सरकारें अपने-अपने स्तर पर वायरस को काबू करने के लिए नये कदम उठा रही हैं। फिलहाल इसका कोई खास असर होता नहीं दिख रहा है। आपको बता दें कि इस महामारी ने जहां आम लोगों के जान लिये है, वहीं इसने कई बॉलीवुड एक्टर, एक्ट्रेस और नेता जैसे खास लोगों के भी जान लिये। अब इसी कड़ी एक और नाम जुड़ा है बॉलीवुड और भोजपुरी एक्ट्रेस का। जो बॉलीवुड, भोजपुरी फिल्मों के साथ-साथ कई टीवी सिरियल्स में भी नजर आ चुकी है।

श्रीपदा की मौत की खबर सुनकर उनके फैन्स काफी हैरान हैं। इस खबर की पुष्टि CINTAA के जनरल सेक्रेटरी अमित बहल ने की। उन्होंने कहा कि, ‘कोरोना की लहर लहर ने कई कीमती जीवन को हमसे छीन लिया। जो लोग गुजर गए हैं उनके बारे में मीडिया में पहले ही लिखा जा चुका है। उन्हें दोहराने की जरूरत नहीं है, लेकिन हां श्रीपदा हमारी टीवी इंडस्ट्री की टीम की एक वरिष्ठ सदस्य थीं।’
श्रीपदा ने कई वर्षों तक काम किया जिसकी काफी प्रशंसा हुई। करीब 68 फिल्में करने वाली ऐक्ट्रेस के बारे में बात करते हुए बहल ने आगे कहा कि, ‘उन्होंने साउथ के साथ-साथ हिंदी सिनेमा में बेहतरीन काम किया। यह दुर्भाग्य है कि हमने एक बेहद सीनियर ऐक्ट्रेस को खो दिया। हम प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। हम यह भी प्रार्थना करते हैं कि महामारी की दूसरी लहर लोगों की जान ना ले, खासतौर से हमारी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की।’

रवि किशन के साथ भी फिल्मों में आ चुकी है नजर
श्रीपदा भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन के साथ 2015 में आई फिल्म ‘हम तो हो गई नी तोहार’ में नजर आई थीं। अब उनके निधन की खबर ने सबको तोड़ दिया है। सुपरस्टार रवि किशन ने कहा कि, ‘बेहद दुखद। वह मेरी सह-कलाकार थीं। उनका व्यवहार बहुत अच्छा था और वह विनम्र थीं। भगवान उनके परिवार को इस कष्ट को सहने का साहस दें।’

आपको बता दें कि श्रीपदा ने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया है। एक्ट्रेस ने अपने करियर की शुरुआत साल 1978 में की थी। इसके बाद उन्हें ‘पुराना पुरुष’, विनोद खन्ना स्टारर ‘धर्म संकट’ में भी नजर आ चुकी हैं। उन्होंने ‘बेवफा सनम’ और ‘आजमाइश’ जैसी फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया। श्रीपदा ने 1993 में एक टेलिविजन शो के लिए गेस्ट अपियरेंस भी दिया था। इसके अलावा वे दूरदर्शन पर स्वाभिमान सिरियल में भी नजर आ चुकी है।