रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: ब्रिटेन के बकिंघम पैलेस और शाही परिवार में उस वक्त भूचाल आ गया जब, ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्कल ने एक इंटरव्यू में ‘आर्ची के रंग पर चर्चा’ के दावे से रंग भेद के आरोपों को भी हवा दे दी। राजकुमार और उनकी पत्नी ने ब्रिटेन के मुश्किल हालात का भी जिक्र किया है। द टाइम्स की रिपोर्ट की मानें तो राजकुमार और उनकी पत्नी द्वारा दिये गये बयान पर बकिंघम पैलेस एक और बयान तैयार कर रहा है। बकिंघम पैलेस की कोशिश है कि वहां उपजे तनाव को कम किया जाय, और मेगन-हैरी के प्रति प्यार पर जोर दिया जाए।

आपको बता दें कि, महारानी एलिजाबेथ ने राजकुमार और उनकी पत्नी के बयान को लेकर सोच-विचार करने का फैसला किया है और वह प्रतिक्रिया जारी करने में जल्दबाजी नहीं कर रही हैं। इस प्रकरण में द टेलिग्राफ की रिपोर्ट की मानें तो शाही स्टाफ ने राजकुमार और उनकी पत्नी का इंटरव्यू देखा जिसके बाद शाही परिवार के साथ ब्रीफिंग तैयार की। इस प्रकरण में अभी यह भी तय हुआ कि हर चीज को महारानी, प्रिंस चार्ल्स और प्रिंस विलियम के बीच कोऑर्डिनेट किया जाएगा। इसके बारे में महारानी ने खुद भी प्रिंस चार्ल्स और प्रिंस विलियम से बातचीत की है।

इस इंटरव्यू के दौरान राजकुमार मेगन और हैरी ने महल में अपने हाल को लेकर कई खुलासे किए लेकिन महारानी के बारे में दोनों सिर्फ अच्छी बातें ही कही हैं। मेगन ने ओपरा को बताया कि महारानी एलिजाबेथ का व्यवहार उनके साथ काफी अच्छा था। उनके पहले प्रेस टूर पर महारानी ने मेगन के साथ कंबल भी शेयर किया था। प्रिंस हैरी ने भी अपनी दादी के साथ अच्छे रिश्तों का दावा किया और कहा कि वह उनका बहुत सम्मान करते हैं। हैरी ने ओपरा के सामने यह भी साफ किया कि आर्ची के रंग को लेकर चर्चा रानी ने नहीं की थी।
आपको बता दें कि इस इंटरव्यू के बाद शाही राजघराने के ऊपर लगे रंगभेद के आरोपों से बवाल हो गया है। मामला इतना बढ़ गया है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपनी राय रखने से इनकार कर दिया है। इस दौरान उन्होने कहा कि “उनके मन में महारानी के प्रति बेहद सम्मान है।“
राजकुमार को इंटरव्यू पर अमेरिकी वाइट हाउस ने मानसिक स्थिति पर खुलकर बात करने के लिए मेगन की तारीफ की है। जबकि दूसरी ओर हिलरी क्लिंटन ने ब्रिटिश मीडिया पर मेगन के साथ क्रूरता का आरोप लगाया है।