आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गा के घर निजी कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारों पर जमकर हमला किया। उन्होंने किसान बिल, किसानों की फसल के समर्थन मूल्य, विकास के मुद्दे व कानून व्यवस्था पर खूब निशाना साधा।
पिछले दिनों सपा के आंदोलन व अपने ऊपर बैरिकेडिंग तोड़ने के आरोप पर अखिलेश यादव ने कहा कि किसान केवल अपनी फसल का समर्थन मूल्य मांग रहे हैं, जिसको लेकर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।
खुद अपने बैरिकेडिंग तोड़ने के आरोप के मामले में कहा कि बगल में मंत्रियों का घर, पीछे थाना और तमाम अन्य वीआईपी लोगों के घर होने के चलते वहां से नहीं निकाल सकते थे। सामने बैरिकेडिंग से ही जा सकते थे, लेकिन इसके बाद भी उनको आरोप लगाकर गिरफ्तार किया गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि जगह-जगह हर जिलों में सपाइयों को घर से नहीं निकलने दिया गया, आधी रात को, भोर में गिरफ्तार कर लिया गया। किसान केवल समर्थन मूल्य मांग रहे हैं।
ऑनलाइन पर्ची के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि किस किसान के घर पर पर्ची पहुंची है, वह जरा बताएं हमें। सपा किसानों का पूरा समर्थन कर रही है, इस कारण उत्पीड़न किया जा रहा है।
हालांकि, इस दौरान अखिलेश यादव ने चुटकी ली कि बीजेपी सरकार के किसान कौन हैं, तो उस दौरान पब्लिक से आवाज आई अडानी और अंबानी, जिस पर अखिलेश ने कहा कि वह अपने मुंह से नहीं बोलना चाहते थे, जिसको लोगों ने बोल दिया।
अखिलेश यादव लगातार बीजेपी पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि सपा हमेशा किसानों की पार्टी रही है, इसलिए किसानों के आंदोलन में उनके साथ खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी।
वहीं कोविड-19 की रोकथाम को लेकर वैक्सीन के मैनेजमेंट पर भी उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा तमाम देशों में पूरी तैयारियां कर ली गई हैं, लेकिन यहां पर अभी कुछ नहीं तैयारी की गई है।
केवल हवा हवाई बातें बनाई जा रही हैं। वैक्सीन को लेकर भ्रम की स्थिति है। बीजेपी खुद गाइडलाइन का पालन नहीं कर रही है। हैदराबाद का चुनाव हो या बिहार का चुनाव, बीजेपी सरकार भीड़ इकट्ठा करने में लगी रही।