लॉकडाउन में पुलिस की ज्यादती कैसी है इसकी एक झलक आगरा के कमला नगर में देखने को मिली। दरअसल आज सुबह ट्रांसपोर्टर राकेश गुप्ता को घर के गेट पर सिपाहियों ने डंडे से पीट दिया।
इस घटना के ऊपर कमला नगर के विधायक का कहना है कि आगरा में कुछ पुलिस वाले गुंडागर्दी कर रहे है और ये अब आखिरी घटना है।
इसके बाद ऐसी कोई घटना नहीं होगी। अब व्यापारियों को परेशान करने वाले पुलिसवालों को अपराधी समझ कर ही निपटा जाएगा।
उन्होने यह भी कहा की इनके ऊपर कार्यवाही की जायेगी। कुछ पुलिसकर्मी पुलिस और सरकार की छवि को बेकार करने की कोशिश कर रहे है और अब इनको छोड़ा नहीं जाएगा।
कमला नगर के ब्लॉक सी-32 निवासी राकेश गुप्ता ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते है। सुबह जब वो मेडिकल की दुकान पर जा रहे थे तो उन्हें याद आता है की हेलमेट तो घर रह गया है।
इसके बाद जब हेलमेट लेने वो घर आये तो उनके पीछे पीछे बाइक पर चेकिंग करने वाले भी आ गए। अब इसके पहले की उन्हें कुछ समझ आता सिपाही उनको डंडे से पीटने लगे।
इसके बाद सभी कॉलोनी के लोग बाहर आ गए। लोगों और व्यापारियों में इस घटना को देखकर एक गुस्सा और आक्रोश आ गया।
जैसे ही इस घटना की जानकारी मेयर नवीन जैन को हुई वो आनन् फानन में मौके पर पहुंचे और उन्हें भी भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा।
इसके बाद कार्रवाई कराने का आश्वासन देने पर व्यापारी शांत हुए है। एसएसपी बबलू कुमार ने हैड कांस्टेबल राकेश शर्मा और कांस्टेबल दिनेश को निलंबित कर दिया है।