आगरा मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का शुभारम्भ आज
भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी आज दिनांक 07 दिसम्बर, 2020 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का शुभारम्भ करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनन्दीबेन पटेल जी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री हरदीप सिंह पुरी जी सहित केन्द्र व प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रिगण एवं जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। यह कार्यक्रम आगरा के 15वीं वाहिनी पीएसी0 परेड ग्राउण्ड में सम्पन्न होगा।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि आगरा मेट्रो रेल परियोजना, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के तत्वावधान में संचालित होगी। आगरा मेट्रो रेल परियोजना के अन्तर्गत 29.4 किमी लंबे कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। ताज ईस्ट गेट से सिकन्दरा के बीच लगभग 14 किमी लम्बा पहला कॉरिडोर निर्मित होगा, जिसके अन्तर्गत 13 मेट्रो स्टेशन होंगे। दूसरा कॉरिडोर आगरा कैण्ट से कालिन्दा विहार के बीच निर्मित होगा, जिसकी लम्बाई 15.4 किमी होगी तथा इसके तहत कुल 14 मेट्रो स्टेशन होंगे।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी द्वारा कल 'आगरा मेट्रो रेल परियोजना' के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
यह परियोजना जनपद में सुगम यातायात का माध्यम बनने के साथ ही आर्थिक उन्नयन तथा पर्यटन विकास का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
प्रधानमंत्री जी को हार्दिक धन्यवाद! https://t.co/uY070vmYvB
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) December 6, 2020
आगरा मेट्रो रेल शहरवासियों को पर्यावरण के अनुकूल, आरामदायक एवं बाधारहित सार्वजनिक यातायात का साधन उपलब्ध कराएगी। आगरा में ताजमहल, आगरा फोर्ट सहित अन्य विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं। मेट्रो रेल सेवाओं के दृष्टिगत इन सभी स्थलों तक आवागमन सुगम होगा और इससे पर्यटक भी विशेष रूप से आकर्षित होंगे।
ज्ञातव्य है कि विगत 08 मार्च, 2019 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा कानपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास किया गया था, जिसके निर्माण कार्यों का शुभारम्भ प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों द्वारा 07 दिसम्बर, 2020 को होने जा रहा है