कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आगरा में 48 घंटों के भीतर 28 कोरोना मरीजों की मौत के दावे के मामले में अब सियासत गरमा गयी है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भले ही बीजेपी और योगी सरकार को घेरने में लगी हो लेकिन अब उनके ही खिलाफ शिकायत दर्ज हो गयी है।
दरअसल उन्होंने एक ट्वीट कर दावा किया कि जनपद आगरा में 48 घंटे में 28 मौत हुई है। जिसके बाद जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने प्रियंका गांधी के इस दावे का खंडन करते हुए उन्हें नोटिस भेजा।
इसके बाद प्रियंका ने एक और ट्वीट किया था, इस ट्वीट में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रीजी 48 घंटों के भीतर जांच रिपोर्ट जनता के सामने रखें।
इस पुरे प्रकरण के बाद भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गोविंद चाहर ने थाना सदर में शिकायत दर्ज की है।
गोविंद चाहर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस महासचिव ने ट्विटर एकाउंट पर आगरा में कोरोना से मरीजों की मृत्यु के संबंध में भ्रमित करने वाली पोस्ट की। इससे जनता में भय का माहौल है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा, प्रियंका गांधी वाड्रा को माफी मांगनी चाहिए। अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। इस संबंध में आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया जाए।