गुना, मध्य प्रदेश। सवर्ण समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर गुना जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन का दौर जारी है। सवर्ण समाज संघर्ष मोर्चा के बैनर तले चल रहे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के बीच जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग आक्रोश रैली में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।आक्रोश रैली की शुरुआत शास्त्री पार्क से हुई। रैली में शामिल लोगों ने जातिगत आरक्षण व्यवस्था की आर्थिक आधार पर समीक्षा करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा आर्थिक आधार पर की जानी चाहिए, ताकि जरूरतमंद वर्गों को इसका लाभ मिल सके।
युवाओं ने सिर मुंडवाकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान सवर्ण समाज के कुछ युवाओं ने सिर मुंडवाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने UGC से जुड़े नियमों को वापस लेने और एससी-एसटी एक्ट में संशोधन की मांग भी उठाई।सवर्ण समाज संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना भी चल रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
आक्रोश रैली शास्त्री पार्क से निकलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची। यहां प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं। ज्ञापन के माध्यम से जातिगत आरक्षण व्यवस्था की आर्थिक आधार पर समीक्षा, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन और UGC नियमों को वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।रैली में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों की मौजूदगी रही। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की। फिलहाल प्रशासन की ओर से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रणधीर चंदेल, गुना, मध्य प्रदेश।