नई दिल्ली : दिग्गज सितारवादक पंडित देवब्रत चौधरी के निधन के लगभग हफ्ते के बाद उनके बेटे और देश के प्रसिद्ध सितार वादक प्रतीक चौधरी की भी कोरोना से मौत हो गई। वे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने गुरुवार को आखिरी बार सांस ली।
संगीत इतिहासकार पवन झा ने बताया कि प्रतीक चौधरी 49 साल के थे और वह जीटीबी अस्पताल में भर्ती थे। पवन झा ने ट्विटर पर लिखा कि,”प्रतीक चौधरी, एक होनहार प्रतिभा और लेजेंड्री देबू चौधरी के बेटे प्रतीक चौधरी अब नहीं रहे। वह आईसीयू में काफी संघर्ष कर रहे थे और कल अपने पिता के पास चले गए। दोनों एक साथ अनंत के पथ पर चले गए।”
उन्होंने आगे लिखा कि,”वह अपने स्वास्थ्य में सुधार कर रहे थे, वह देबु जी के साथ जीटीबी में भर्ती थे और सोमवार को डिस्चार्ज हुए थे, जब मैंने आखिरी बार उनसे बात की थी, लेकिन वह अपनी पिता की मौत और से काफी विचलित और टूट गए थे। बहुत ही बुरा हुआ।” उनके निधन पर संस्कृति मंत्रालय ने भी ट्वीट कर दुख जताया है।
We deeply mourn the sad demise of eminent sitarist Shri #PrateekChaudhuri. He was working in the Faculty of Music & Fine Arts,Delhi University as a Professor. May God give enough strength to the bereaved family to bear the irreparable loss and may the departed soul rest in peace. pic.twitter.com/p6ruepEPWh
— Ministry of Culture (@MinOfCultureGoI) May 7, 2021
मंत्रालय ने ट्वीट कर लिखा कि, “हम प्रख्यात सितारवादक श्री प्रतीक चौधरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। वह प्रोफेसर के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के संगीत और ललित कला संकाय में कार्यरत थे। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को अपूरणीय क्षति सहन करने के लिए पर्याप्त शक्ति दें और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
बता दें कि एक सप्ताह पहले ही प्रतीक चौधरी के पिता और देश के दिग्गज सितारवादक पंडित देवब्रत चौधरी का कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया था। उन्हें प्यार से लोग ‘देबू चौधरी’ बुलाते थे। वे 85 साल के थे। उनका निधन दिल्ली में हुआ था। पंडित देबू चौधरी भी जीटीबी अस्पताल में भर्ती थे, जहां ऑक्सीजन लेवल कम होने कारण कोरोना से उनकी मौत हो गई।