सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में ज्येष्ठ कृष्ण सोमवती अमावस्या के अवसर पर नर्मदा घाटों पर आस्था का विशाल जनसैलाब देखने को मिला। सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का नर्मदा स्नान के लिए पहुंचना शुरू हो गया था और दिनभर घाटों पर भक्तों की भीड़ बनी रही।
बुधनी घाट, बेरखेड़ी घाट, बांद्राभान, जोशीपुर, बगवाड़ा और नर्मदा ब्रिज क्षेत्र सहित कई घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई। दूर-दराज से आए श्रद्धालु पैदल और वाहनों के माध्यम से घाटों तक पहुंचे।

भारी भीड़ के चलते नर्मदा ब्रिज के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस प्रशासन ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।

नगर परिषद द्वारा घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई। पूरे दिन घाटों पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।