विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर गुना में विशाल व्यसन मुक्ति रैली एवं मानव श्रृंखला का सफल आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
यह जनजागरूकता रैली गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर हॉट रोड, जयस्तंभ चौराहा होते हुए पुनः गायत्री मंदिर पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। रैली के दौरान मानव श्रृंखला बनाकर एकता और जागरूकता का मजबूत संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और समाज में स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा। प्रतिभागियों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे जीवन को स्वास्थ्य, सद्भाव, सेवा और साधना से जोड़कर व्यसनमुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। सभी ने एकजुट होकर नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में योगदान दिया।