1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बैतूल में निकली भव्य शिव बारात, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा नगर

बैतूल में निकली भव्य शिव बारात, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा नगर

महाशिवरात्रि पर बैतूल में बाबा महाकाल की अलौकिक शिव बारात निकली। ढोल-ताशों, शिव विवाह झांकियों और पुष्पवर्षा से बना अद्भुत आध्यात्मिक माहौल।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
बैतूल में निकली भव्य शिव बारात, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा नगर

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर इस वर्ष भी देवाधिदेव बाबा महाकाल की भव्य और अलौकिक शिव बारात पूरे शान-ओ-शौकत के साथ नगर भ्रमण पर निकली। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा और श्रद्धा, भक्ति व उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

सात वर्षों से चली आ रही परंपरा, नगर में उत्साह का माहौल

श्री शंभू भोले सेवा उत्सव समिति के नेतृत्व में आयोजित यह विशाल शोभायात्रा थाना महाकाल चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। लगातार सात वर्षों से आयोजित इस शिव बारात को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह और गहरी आस्था देखने को मिली। हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से शोभायात्रा में भाग लिया और बाबा महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

शिव विवाह की झांकियों ने मोहा मन

शोभायात्रा में शिव विवाह की झलक प्रस्तुत करती आकर्षक और मनमोहक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और पूरे मार्ग पर भक्ति का वातावरण बना दिया। विशेष रूप से चलित लड्डू गोपाल की झांकी ने लोगों का ध्यान खींचा, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

महाराष्ट्र के ढोल-ताशों से गूंज उठा नगर

महाराष्ट्र के अमरावती से आए प्रसिद्ध रुद्रावतार ढोल-ताशा पथक ने अपने जोशीले और लयबद्ध प्रदर्शन से माहौल को ऊर्जा और भक्ति से भर दिया। वहीं जय सेवा डंडार मंडल मरकढ़ाना और उज्जैन की ख्यातिप्राप्त झांझ-डमरू टीम ने शिव नाम की गूंज को और अधिक प्रखर बना दिया। ढोल, ताशा और डमरू की गूंज के बीच पूरा नगर शिवमय हो गया।

पुष्पवर्षा से हुआ बाबा महाकाल का स्वागत

शोभायात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बाबा महाकाल का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के जयघोष, भक्ति गीतों और आध्यात्मिक उल्लास से पूरा बैतूल नगर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के रंग में रंग गया। महाशिवरात्रि पर निकली यह भव्य शिव बारात न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का भी जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करती नजर आई।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...