बालाघाटः आयकर विभाग के द्वारा जमीन की खरीदी-बिक्री से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई जारी है। भोपाल और जबलपुर से आई टीमें पिछले दो दिनों से जिले में डेरा डाले हुए हैं, लेकिन अब तक अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

बताया जा रहा है की जिले के वारासिवनी क्षेत्र के अंतर्गत तुमाड़ी गांव में रहने वाले गणेश कुमरे के घर में आयकर विभाग की टीम ने छापामार कार्यवाही कर पूछताछ के लिए बालाघाट लेकर आई है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बालाघाट जिले में करोड़ों रूपये की जमीन के लेन-देन से जुड़े मामलों में गड़बड़ियों की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। भोपाल और जबलपुर से आई विशेष टीमें बीते दो दिनों से अलग-अलग स्थानों पर जांच-पड़ताल में जुटी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि टीमों के द्वारा कई दस्तावेजों की जांच की जा रही है और कुछ संदिग्ध सौदों को खंगाला जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि गणेश कुमरे के नाम करोड़ों की जमीन और प्रपार्टी है जबकि गणेश कुमरे साधारण किसान है। वहीं सूत्रों की माने तो बालाघाट और जिले के कुछ रसूखदार व्यापारियों द्वारा गणेश कुमरे के नाम पर करोड़ों रूपये की आदिवासियों की जमीन खरीद फरोक्त का संदिग्ध कारोबार चला रहे थे। ऐसे में आयकार विभाग जबलपुर भोपाल की संयुक्त टीम के द्वारा गोपनीय ढंग से छापामार कार्यवाही की गई है।
बालाघाट से संवाददाता विशाल महानंद की रिपोर्ट