मैहर जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन उत्साह और उल्लास के माहौल में रविवार को संपन्न हुआ, जिसमें कुल 200 जोड़ों का विधिवत विवाह कराया गया।

इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को उत्सव में बदल दिया, जहां खुशी और पारंपरिक रंग देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, नगर पालिका मैहर द्वारा पर्यटन सूचना केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में 50 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जबकि जनपद पंचायत मैहर के जनपद प्रांगण में 150 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता और गृहस्थी सामग्री भी प्रदान की गई, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत को मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में कलेक्टर विदिशा मुखर्जी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी, जनपद अध्यक्ष आकांक्षा लोधी, जिला पंचायत सदस्य जयंती तिवारी, एसडीएम दिव्या पटेल, सीईओ अशोक तिवारी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
मैहर से संवाददाता प्रशांत शुक्ला की रिपोर्ट