1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बुढ़वा मंगल पर दंदरौआ धाम में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, लाखों भक्त करेंगे डॉक्टर हनुमान के दर्शन

बुढ़वा मंगल पर दंदरौआ धाम में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, लाखों भक्त करेंगे डॉक्टर हनुमान के दर्शन

बुढ़वा मंगल के अवसर पर 22 सितंबर को भिण्ड के दंदरौआ धाम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। डॉक्टर हनुमान जी के दर्शन रात 12 बजे से शुरू होंगे। मंदिर में रुद्राभिषेक, हवन और सुंदरकांड सहित धार्मिक आयोजन होंगे। भीड़ को देखते हुए एलईडी स्क्रीन, सीसीटीवी, एंबुलेंस और अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था की जा रही है।

By: Nivedita 
Updated:
बुढ़वा मंगल पर दंदरौआ धाम में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, लाखों भक्त करेंगे डॉक्टर हनुमान के दर्शन

भिण्ड:   बुढ़वा मंगल के अवसर पर 22 सितंबर को दंदरौआ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। धाम के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 रामदास महाराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर दंदरौआ धाम में विशाल मेले का भी आयोजन किया जाएगा।

आधी रात से शुरू होंगे श्रद्धालुओं के दर्शन

महंत रामदास महाराज के अनुसार बुढ़वा मंगल के अवसर पर प्रसिद्ध डॉक्टर हनुमान जी के दर्शन सोमवार रात 12 बजे से शुरू होंगे। बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने को देखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

रुद्राभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों का होगा आयोजन

बुढ़वा मंगल के दिन डॉक्टर हनुमान जी का रुद्राभिषेक किया जाएगा। मंदिर को फूल-मालाओं से आकर्षक तरीके से सजाया जाएगा। इसके अलावा हवन, सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

एलईडी स्क्रीन से भी होंगे दर्शन

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इनके जरिए वे भक्त भी भगवान हनुमान के दर्शन कर सकेंगे, जो भीड़ के कारण मंदिर के गर्भगृह तक नहीं पहुंच पाएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी पुख्ता

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए मंदिर परिसर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मंदिर प्रबंधन के अनुसार बुढ़वा मंगल के दिन मंदिर परिसर में दुकानों को लगाने की अनुमति नहीं होगी, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही में परेशानी न हो।

 

कई राज्यों से पहुंचते हैं श्रद्धालु

दंदरौआ धाम में बुढ़वा मंगल के अवसर पर मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। औरैया, इटावा, आगरा, मैनपुरी, एटा, फिरोजाबाद, कानपुर और प्रयागराज समेत कई क्षेत्रों से भक्त डॉक्टर हनुमान के दर्शन के लिए धाम पहुंचते हैं।

मेडिकल सुविधाओं की भी रहेगी व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा और आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए मेडिकल एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। मंदिर परिसर में अस्थायी अस्पताल भी बनाया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

पत्रकारों का किया सम्मान

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद महंत रामदास महाराज ने पत्रकारों को आशीर्वाद दिया और उन्हें सम्मानित भी किया। उन्होंने बुढ़वा मंगल के आयोजन में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी साझा की।

 

रिपोर्ट – सतेंद्र यादव

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...