रिपोर्ट- माया सिंह
आगरा : आज से तीन दिन तक मुफ्त में ताजमहल का दीदार करने का मौका पा सकते है। यहां मुगल शंहशाह शाहजहां का 366 वां उर्स 10 मार्च यानि आज बुधवार से शुरू हो रहा है , जो कि 12 मार्च तक चलेगा। इस तीन दिवसीय उर्स में तहखाना में स्थित शाहजहां और मुमताज की असली कब्र भी देख सकेंगे । वैसे तो शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी के चलते ताजमहल बंद रहता है, लेकिन उर्स के वजह से शुक्रवार को भी ताजमहल खुलेगा । इस दौरान पर्यटकों का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा । उर्स का मुख्य आकर्षण सर्वधर्म सद्भाव की प्रतीक सतरंगी चादर रहेगी।
दरअसल, शहंशाह शाहजहां का उर्स इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार रजब माह की 25, 26 व 27 तारीख को मनाया जाता है। इस्लामिक कैलेंडर की यह तारीख 10 से 12 मार्च तक हैं। बता दें कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने उर्स के समय ताजमहल के पर्यटकों के लिए मुफ्त करने का आदेश पहले ही जारी कर दिया था।
शाहजहां उर्स सेलीब्रेशन कमेटी के अध्यक्ष मुनव्वर अली ने बताया कि इस बार 10 मार्च को गुस्ल, 11 मार्च को संदल, कुरआनख्वानी ऱखा गया है इसलिए दोनों ही दिन दोपहर 2 बजे से शाम तक ताजमहल में प्रवेश नि:शुल्क रहेगी, लेकिन आखिरी दिन 12 मार्च को सुबह से ही चादरपोशी की रस्म होगी और पूरे दिन ताजमहल में फ्री प्रवेश रहेगा।
इस बार की सबसे खास बात है कि खुद्दाम ए रोजा कमेटी ने शाहजहां के उर्स के लिए 1331 मीटर लंबी सतरंगी चादर तैयार कराई है। जबकि वर्ष 2019 में 1221 मीटर की चादर चढ़ाई गई थी । वर्ष 2020 यानि बीते साल कोरोना महामारी के कारण शाहजहां का उर्स नहीं मनाया गया था।
एडीएम सिटी डा. प्रभाकांत अवस्थी ने कहा कि शाहजहां के 366 वां उर्स के लिए अनुमति मिल गई है। हालांकि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उर्स में कोविड प्रोटोकाल का पालन करना होगा। साथ ही उर्स में कोई झंडा, बैनर, पोस्टर, किताब, 36 इंच से बड़ा ढोल, बैंड बाजा, लाइटर, चाकू आदि चीजें ले जाने से सख्त मना किया गया है ।