1. हिन्दी समाचार
  2. Vidisha
  3. Vidisha: MP में 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण, 4400 करोड़ की सौगात से बदलेगी सड़कों की तस्वीर

Vidisha: MP में 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण, 4400 करोड़ की सौगात से बदलेगी सड़कों की तस्वीर

नितिन गडकरी ने विदिशा में 4400 करोड़ की 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटरों का लोकार्पण किया, शिवराज और सीएम मोहन यादव रहे मौजूद।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Vidisha: MP में 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण, 4400 करोड़ की सौगात से बदलेगी सड़कों की तस्वीर

मध्यप्रदेश को सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को प्रदेश में ₹4400 करोड़ से अधिक लागत की 118 किलोमीटर लंबी 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और तीन ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटरों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। मुख्य समारोह विदिशा कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किया गया।

PWD मंत्री की जुबान फिसली, मंच पर हल्का-फुल्का माहौल

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह की जुबान फिसल गई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “हम आभारी हैं गडकरी के…” और तुरंत सुधार करते हुए “गडकरी जी” कहा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मुस्कुराते हुए उनकी ओर देखने लगे। राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश का रोड नेटवर्क पूरे देश के लिए आदर्श बनेगा, हालांकि अभी कुछ कमियां हैं और प्रदेश को आगे और भी राष्ट्रीय राजमार्गों की सौगात मिलनी चाहिए।

“पत्थरों की मार तो देखी थी, फूलों की मार से घायल कर दिया”: शिवराज

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा में हुए स्वागत पर चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने अब तक पत्थरों की मार से लोगों को घायल होते देखा था, लेकिन विदिशा वासियों ने फूलों की मार से घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी के नेतृत्व में सड़कों के जरिए देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली है।

MP का गेहूं अमेरिका-कनाडा तक, सड़कों से खुले नए रास्ते

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश का शरबती गेहूं और बासमती चावल अब अमेरिका और कनाडा जैसे देशों में भी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब बेहतर सड़कें बनती हैं, तो उत्पादन को समुद्र पार तक पहुंचाने के रास्ते खुलते हैं और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।

“गड्ढों के साथ आज भी मामा की फोटो लगा देते हैं”

शिवराज सिंह चौहान ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विदिशा में बड़ी घोषणाएं कर गए हैं, लेकिन अगर अंदर की किसी गली की सड़क में गड्ढा हो जाए, तो लोग आज भी मामा के साथ गड्ढे की फोटो लगा देते हैं। उन्होंने कहा कि गली की सड़क का केंद्रीय मंत्री क्या करेंगे, इसके लिए राज्य सरकार को भी तेजी से काम करना होगा।

विदिशा का विकास मेरी जिद और जुनून: शिवराज

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विदिशा का विकास उनकी जिद और जुनून है। उन्होंने बताया कि पहले जबलपुर में सड़क परियोजना का शिलान्यास होना था, लेकिन उन्होंने आग्रह किया कि विदिशा जाए बिना शिलान्यास नहीं होगा और नितिन गडकरी इसके लिए तैयार हो गए। उन्होंने कहा कि विकास की भूख कभी मिटती नहीं है।

रिंग रोड, एक्सप्रेस-वे और नए NH की रखी मांग

शिवराज सिंह चौहान ने मंच से कई नई सड़क परियोजनाओं की मांग रखी। उन्होंने कहा कि विदिशा में केवल बायपास नहीं बल्कि रिंग रोड भी बने। इसके साथ ही विदिशा-कोटा-सागर एक्सप्रेस-वे, नागपुर-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग, भोपाल-बैरसिया-सिरोंज-अशोकनगर को NH में शामिल करने, नर्मदापुरम-सोहागपुर-हरदा ग्रीनफील्ड रोड और खंडवा-जबलपुर वाया पिपरिया-नरसिंहपुर मार्ग को विकसित करने की मांग की।

“विदिशा छूटता नहीं है”

शिवराज सिंह चौहान ने भावुक अंदाज में कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें पूरे देश में घूमने का दायित्व दिया है, लेकिन फिर भी विदिशा छूटता नहीं है। उन्होंने बेतवा नदी के सौंदर्यीकरण, घाट निर्माण और शहर की अंडरग्राउंड वायरिंग जैसे विकास कार्यों की भी बात रखी।

MP को मिली 4400 करोड़ की सड़क सौगात

कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने करीब 181 किलोमीटर लंबी 8 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से मध्यप्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी, कृषि परिवहन, औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

सीएम बोले- जो काम करता है वो राज करता है

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा, काम करने वालों के साथ जनता होती है। जो काम करता है वो राज करता है। गडकरी जी आपको अभी उज्जैन के विकास कार्यों के लिए भी आना पड़ेगा। केवल विदिशा के लिए आपको छोड़ेंगे नहीं।

12 बार सांसद-विधायक बन कुंभ स्नान कर लिया

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का अभिनंदन करते हुए कहा कि सच में छह और छह 12, आपने बताया भाई साहब, छह बार के सांसद और छह बार के विधायक रहे, ये तो कुंभ स्नान हो गया। हमको को तो 12 साल के कुंभ स्नान का आनंद मिल गया।

गडकरी बोले- 90% काम किसान के लिए करता हूं

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, शिवराज जी को विदिशा की जनता ने 12 बार चुका है। आप जनता के प्रेम के धनी है। मैं जो भी काम करता हूं उसमें 90% काम किसान के लिए करता हूं। मेरी कोशिश है कि किसान ऊर्जादाता भी बने। किसान हाइड्रोजन भी बना रहा है। इतना ही नहीं किसान अब डामरदाता भी बन गया है।

गडकरी बोले- मेरे पास द्रौपदी की थाली, कभी खाली नहीं होती

गडकरी ने कहा, शिवराज जी के सहयोग से हमने ट्रैक्टर लाया है। मेरे पास इलेक्ट्रिक है। हर तरह का ट्रैक्टर हमारे ईंधन से चलना चाहिए। किसानों की लाखों की बचत होने वाली है। यहां आने पर सभी ने बहुत मांगें की, लेकिन मांगें पूरी करते-करते कब तक भाषण दूंगा। लेकिन आप चिंता मत करिए। मेरे पास द्रौपदी की थाली है। खाने को कितने ही लोग आएं। कितना ही खा लोगे, लेकिन खाना खत्म नहीं होगा।

गडकरी बोले- हमारे देश में पैसों की कमी नहीं

गडकरी बोले- हमारे देश में पैसों की कमी नहीं है। जनता के लिए ईमानदारी से काम करने वाले नेताओं की कमी है। नॉलेज को वेल्थ में बदलना ही भविष्य है। कोई मटेरियल वेस्ट नहीं है। कोई व्यक्ति वेस्ट नहीं है। ये लीडरशिप और टेक्नोलॉजी पर डिपेंड करता है।

गडकरी ने कहा- टॉयलेट का पानी बेचता हूं

गडकरी ने कहा, मैं अपने शहर में टॉयलेट का पानी बेचता हूं। 300 करोड़ मिलते हैं। अब कचरा बेचने लगा हूं। मैं छात्र नेता था। गांव में दीवारों पर लिखने का काम करता था। दिल्ली-मुंबई पता नहीं था। तब सही नेता मिले, मार्गदर्शन मिला। जब अच्छे नेता मिलते हैं तो परिवर्तन भी सही दिशा में होता है।

मोहन जी और 2-4 हजार करोड़ मांग लेते…

गडकरी ने कहा, मोहन जी ने 50 प्रोजेक्ट की मांग की है। क्या मोहन जी 2-4 हजार करोड़ और मांग लेते तो भी दे देता। आगे भी पैसे लगेंगे तो मैं मंजूर करूंगा।

गडकरी ने मध्य प्रदेश को 1600 करोड़ देने की घोषणा की

गडकरी ने कहा, मैं मध्य प्रदेश को 1600 करोड़ देने की घोषणा करता हूं। उसमें से 400 करोड़ रुपए शिवराज जी को देता हूं। ताकि वो 50-50 करोड़ अपने 8 एमएलए को देंगे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...