रिपोर्ट : दिनेश गर्ग
आगरा : आगरा जिले के थाना अछनेरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक 55 वर्षीय वृद्ध का शव उसके घर के पीछे मिलने से गांव में दहशत का माहौल हो गया है। सूचना पर मौके पर एसएसपी समेत पुलिस फोर्स पहुंचा और फोरेंसिक टीम के जरिये सबूत इकट्ठा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है की गांव की एक महिला को पति ने गांव के ही युवक के साथ आपत्तिजनक अवस्था मे देखा था और इसी के चलते यह वारदात को अंजाम दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक थाना अछनेरा के गांव मंगुरा निवासी ओमवीर पुत्र बाबू सिंह 55 वर्ष का शव उनके घर के पीछे की तरफ झाड़ियों के पास मिला था। अज्ञात हत्यारों ने उनकी धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी थी। मौके पर संघर्ष के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। हत्या की जानकारी के बाद परिजनों द्वारा 112 पर सूचना दी गयी थी। सूचना मिलते ही एसएसपी मुनिराज, एसपी ग्रामीण, सीओ अछनेरा और थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया था। तत्काल पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
एसएसपी मुनिराज के अनुसार मृतक का मोबाइल पास ही पड़ा मिला है और कई मजबूत साक्ष्य पुलिस को हासिल हुए हैं। एसपी ग्रामीण और सीओ अछनेरा के निर्देशन में पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। जल्द घटना का अनावरण किया जाएगा।
पत्नी ने लगाए आरोप
मृतक की पत्नी पुष्पा ने आरोप लगाया है की पति ने उन्हें बताया था की गांव की एक महिला को उन्होंने एक व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। महिला ने पति से किसी को कुछ बताने से मना किया था और पति ने उसे किसी से कुछ न बताने का आश्वासन दिया था। रात में उन्हें फोन करके बुलाया गया था और उनकी हत्या कर दी गयी है।
मोबाइल से खुलेंगे कई राज
बता दें कि पुलिस को मौके से मोबाइल बरामद हुए हैं। इन मोबाइल की कॉल डिटेल से संदिग्धों की तलाश शुरू हो गयी है। पुलिस जल्द मामले का खुलासा कर सकती है।