1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. भारत-पाक युद्ध की 50वीं वर्षगांठ: प्रधानमंत्री मोदी ने जलाई स्वर्णिम विजय मशाल

भारत-पाक युद्ध की 50वीं वर्षगांठ: प्रधानमंत्री मोदी ने जलाई स्वर्णिम विजय मशाल

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
भारत-पाक युद्ध की 50वीं वर्षगांठ: प्रधानमंत्री मोदी ने जलाई स्वर्णिम विजय मशाल

1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत के प्रतीक विजय दिवस के 50 साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे।

पीएम मोदी ने नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में शहीद हुए भारतीय सेना के जांबाज जवानों को नमन किया।

इस मौके पर पीएम मोदी ने चार स्वर्णिम विजय मशाल जलाई जो देश की चारों दिशाओं में ले जाई जाएंगी। विजय दिवस पर नेशनल वॉर मेमोरियल में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।

आपको बता दें कि विजय दिवस के 50 साल पूरे होने के मौके पर केंद्र सरकार ने स्वर्णिम विजय वर्ष के तहत पूरे एक साल का कार्यक्रम घोषित किया है। इस कार्यक्रम के तहत स्वर्णिम विजय मशाल देश के हर उस गांव, हर उस शहर में ले जाई जाएगी, जहां के जवानों को 1971 के भारत-पाकिस्तान के युद्ध में जीत के बाद महावीर चक्र और परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर्णिम विजय वर्ष के लोगो का भी अनावरण किया। 1971 के युद्ध में भी भारत ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे और बांग्लादेश नाम का एक नया देश दुनिया के नक्शे पर आया।

वहीं, इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, आज विजय दिवस के अवसर पर मैं भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम की परम्परा को नमन करता हूं।

मैं स्मरण करता हूं उन जांबाज सैनिकों की बहादुरी को जिन्होंने 1971 के युद्ध में एक नई शौर्यगाथा लिखी। उनका त्याग और बलिदान सभी भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह देश उन्हें हमेशा याद रखेगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...