नई दिल्ली से जम्मू-कश्मीर की ओर जाने वाली 122 ट्रेनें रेलवे बोर्ड ने आगामी 15 अक्टूबर 2025 तक रद्द करने का निर्णय लिया है। इसका कारण जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और रेल मार्ग को हुए नुक3सान को बताया जा रहा है। बारिश की वजह से कई ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिन्हें दुरुस्त करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होकर जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस (मुज़फ्फरनगर रूट) और हेमकुंड साहिब एक्सप्रेस (सहारनपुर रूट) भी रद्द की गई ट्रेनों में शामिल हैं। इन ट्रेनों का निरस्तीकरण यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बनकर सामने आया है, खासकर उन श्रद्धालुओं के लिए जो नवरात्रों के दौरान मां वैष्णो देवी दर्शन की योजना बना रहे थे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कटरा-वैष्णो देवी रेल मार्ग पर क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत चल रही है। जब तक मरम्मत कार्य पूरा नहीं होता, यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेनों का संचालन संभव नहीं है।
इस निर्णय से लाखों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित होंगी। यात्रियों को फिलहाल सड़क मार्ग या अन्य वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना पड़ेगा। रेलवे ने अपील की है कि यात्री यात्रा से पहले आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन अवश्य देखें।