1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. World Book Fair 2025: प्रगति मैदान में 1 फरवरी से विश्व पुस्तक मेला, ‘हम, भारत के लोग…’ है इस साल की थीम

World Book Fair 2025: प्रगति मैदान में 1 फरवरी से विश्व पुस्तक मेला, ‘हम, भारत के लोग…’ है इस साल की थीम

विश्व पुस्तक मेला 2025 का आयोजन एक फरवरी से नौ फरवरी तक दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में होगा। यह मेला पहले से कहीं बड़ा और बेहतर होगा, जिसमें दुनिया भर की बेहतरीन पुस्तकों के साथ साहित्य, संस्कृति और उत्सव का शानदार आयोजन किया जाएगा।

By: Rekha 
Updated:
World Book Fair 2025: प्रगति मैदान में 1 फरवरी से विश्व पुस्तक मेला, ‘हम, भारत के लोग…’ है इस साल की थीम

विश्व पुस्तक मेला 2025 का आयोजन एक फरवरी से नौ फरवरी तक दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में होगा। यह मेला पहले से कहीं बड़ा और बेहतर होगा, जिसमें दुनिया भर की बेहतरीन पुस्तकों के साथ साहित्य, संस्कृति और उत्सव का शानदार आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष के पुस्तक मेले की थीम ‘हम, भारत के लोग…’ है, जो भारतीय संविधान की प्रस्तावना के प्रारंभिक शब्दों से प्रेरित है।

नेशनल बुक ट्रस्ट का आयोजन

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT) द्वारा आयोजित होने वाला यह मेला दुनिया के सबसे बड़े साहित्यिक उत्सवों में से एक है। इस मेले में साहित्यिक आयोजनों के साथ-साथ भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय लेखकों, प्रकाशकों और पाठकों के लिए एक साझा मंच प्रदान किया जाएगा।

गणतंत्र भारत के 75 वर्षों की विशेष झलक

इस साल के पुस्तक मेले का थीम पवेलियन विशेष रूप से भारत के गणतंत्र के 75 वर्षों (1950-2025) के उत्सव को प्रदर्शित करेगा। पहली बार नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिज़ाइन (अहमदाबाद) द्वारा मेले के 75 वर्ष के लोगो में 13 भारतीय भाषाओं को उकेरा गया है।

समय और स्थान

पुस्तक मेला एक फरवरी से नौ फरवरी तक सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक खुलेगा। यह मेले का आयोजन प्रगति मैदान के भारत मंडपम में होगा और इसमें विभिन्न हॉल और पवेलियन्स में अलग-अलग थीम्स और आयोजनों की भरमार होगी।

ऑनलाइन और मेट्रो टिकट की बिक्री

विश्व पुस्तक मेला के टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे, और इसके लिए लिंक 26 जनवरी से NBT India की वेबसाइट और ITPO की वेबसाइट पर मिलेंगे। इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो के चुनिंदा स्टेशनों पर भी टिकट मिलेंगे। वयस्कों के लिए टिकट की दर 20 रुपये और बच्चों के लिए 10 रुपये होगी। स्कूल यूनिफॉर्म में आने वाले छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

प्रवेश और दिशा-निर्देश

यह मेला प्रगति मैदान के भारत मंडपम के हॉल 2 से 6 तक फैला होगा। गेट 10 (मेट्रो स्टेशन के पास), गेट 4 (भैरों रोड) और गेट 3 से प्रवेश किया जा सकेगा, और गेट नंबर 10 से शटल सेवा भी उपलब्ध होगी।

इस साल का खास आकर्षण

थीम मंडप (हॉल-5): नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिज़ाइन द्वारा डिज़ाइन किया गया यह मंडप भारत के गणतंत्रीय आदर्शों को प्रदर्शित करेगा, जिसमें इंस्टॉलेशन, किताबों, वृत्तचित्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

अंतरराष्ट्रीय फोकस मंडप (हॉल-4): इस मंडप में ‘रूस से आई किताबें’ विषय पर क्यूरेटेड प्रदर्शनों के माध्यम से रूस की समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा।

लेखक कॉर्नर (हॉल-5) और लेखक मंच (हॉल-2): प्रमुख लेखकों, कवियों और अनुवादकों के साथ साहित्यिक चर्चाएं और इंटरएक्टिव सत्र आयोजित होंगे।

बच्चों का मंडप (हॉल-6): यहां कथावाचन, लेखन और अन्य रचनात्मक कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जो युवा पाठकों और अभिभावकों के लिए खास होगा।

व्यावसायिक अवसर (B2B जोन): प्रकाशकों को वैश्विक स्तर पर कॉपीराइट्स के क्रय-विक्रय के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान किया जाएगा।

सांस्कृतिक मंच: गणतंत्र भारत के 75 वर्ष पूरे होने पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जो भारत की विविधता और सांस्कृतिक धरोहर का जश्न मनाएंगे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...