शाजापुर जिले के अवंतिपुर बड़ोदिया थाना क्षेत्र से जमीन विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर अभद्र व्यवहार, मारपीट और धक्का-मुक्की करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता लंबे समय से न्याय के लिए भटक रही थी, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय के हस्तक्षेप से मामले में कार्रवाई शुरू हुई।
जानकारी के अनुसार ग्राम मोहम्मदपुर पुवडिया निवासी गीताबाई का गांव के कुछ लोगों से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपियों ने महिला के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और महिला के साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की गई।
घटना के बाद पीड़िता शिकायत लेकर अवंतिपुर बड़ोदिया थाने पहुंची, लेकिन वहां उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे वह निराश होकर जिला मुख्यालय पहुंची।
पीड़िता ने शाजापुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी। महिला ने अधिकारियों के सामने अपनी आपबीती सुनाते हुए न्याय की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) ने तत्काल संज्ञान लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद अजाक थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़िता को अब प्रशासन से न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।