1. हिन्दी समाचार
  2. जन समस्या
  3. Water Crisis : 35 करोड़ की नल-जल योजना के बावजूद पानी को तरसे नेपानगरवासी

Water Crisis : 35 करोड़ की नल-जल योजना के बावजूद पानी को तरसे नेपानगरवासी

बुरहानपुर के नेपानगर में 35 करोड़ की नल-जल योजना के बावजूद पेयजल संकट बना हुआ है। वार्ड 11 के रहवासियों ने नगर पालिका पर अनदेखी के आरोप लगाए।

By: BS Yadav 
Updated:
Water Crisis : 35 करोड़ की नल-जल योजना के बावजूद पानी को तरसे नेपानगरवासी

बुरहानपुर। नेपानगर नगर पालिका परिषद में करीब 35 करोड़ रुपये की नल-जल योजना के बावजूद शहर के कई इलाकों में पेयजल की समस्या बनी हुई है। वार्ड क्रमांक 11 के रहवासियों का आक्रोश नगर पालिका के खिलाफ सामने आया है। लोगों का आरोप है कि योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है।

वार्डवासियों के अनुसार, नीले पाइप के जरिए आने वाला पानी कभी-कभी ही उपलब्ध होता है और उसकी गति इतनी धीमी रहती है कि बाल्टी तक भरना मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि पेयजल समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका में शिकायत की गई, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष, सीएमओ और संबंधित इंजीनियर की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

रहवासियों का कहना है कि जब वे अधिकारियों से पानी की समस्या को लेकर शिकायत करते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि नल-जल योजना की व्यवस्था अभी ठेकेदार की ओर से नगर पालिका को सुपुर्द नहीं की गई है। इसके चलते योजना के बावजूद लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले उनके वार्ड में नेपा मिल की ओर से पानी की आपूर्ति की जाती थी। लेकिन नेपा मिल का पंप खराब होने के कारण वहां से भी जलप्रदाय बंद है। ऐसे में वार्डवासियों के सामने पेयजल का संकट और गंभीर हो गया है।

बताया जा रहा है कि करीब 35 करोड़ रुपये की नल-जल योजना नेपानगर के सभी 24 वार्डों के लिए बनाई गई है। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि अभी भी शहर के कई वार्डों में योजना की पाइपलाइन पूरी तरह नहीं बिछाई गई है। इससे योजना के क्रियान्वयन और उसकी उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं।

वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि पेयजल समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और नल-जल योजना के तहत पानी की नियमित एवं पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही योजना की प्रगति और अब तक हुए कार्यों की स्थिति भी सार्वजनिक की जाए।

राजू सिंह राठौड़ की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...