शाजापुर जिले के काला पीपल क्षेत्र में 25 मई को जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष और गोलीकांड के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। इस घटना में तीन लोगों को गोली लगने के साथ गंभीर चोटें आई थीं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रोड किनारे स्थित बेशकीमती जमीन पर कब्जा करने के लिए दबंगों द्वारा फर्जी रजिस्ट्री के आधार पर जमीन हड़पने की कोशिश की जा रही है। इसी विवाद के चलते हमला किया गया।
परिजनों ने बताया कि घटना के दौरान जेसीबी से कुचलने की कोशिश की गई और कई राउंड फायरिंग भी हुई। इस हमले में परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक का इलाज भोपाल में जारी है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने घटना के वीडियो के बावजूद आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है।
परिवार ने आरोप लगाया कि वे दलित समाज से आते हैं, इसलिए उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द न्याय और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।