सीहोर जिले के श्यामपुर रोड स्थित ग्राम बिजौरी जोड़ पर अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ 10 से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके चलते ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दिनभर में 12 से 15 घंटे तक बिजली की कटौती हो रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम में लगातार बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे आगे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।