आज देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश किया है जिसकी काफी सराहना भी हो रही है, वही CM त्रिवेंद्र जी ने हमारे सहयोगी सेटेलाइट चैनल HNN 24*7 से बजट से जुड़े कई मुद्दों पर बात की।
चैनल की दिल्ली ब्यूरो हेड पूनम से बात करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने केंद्रीय बजट को वाईब्रेंट भारत का वाईब्रेंट बजट बताते हुए केंद्रीय वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ को साकार करने वाला बजट है। जन आकांक्षाओं को समर्पित गांवों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों की परवाह करने वाला बजट है।
आयकर की दरों में कमी लाकर निम्न मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है। अर्थव्यवस्था में तेजी के लिए कारपोरेट, लघु एवं मध्यम उद्योगों, बैंकिंग क्षेत्र, व्यापारियों के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए उल्लेखित 16 सूत्री एक्शन से वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा। खेतों में सोलर पावर को बढ़ावा देने से अन्नदाता, ऊर्जादाता भी बन सकेंगे। कृषि वेयर हाउसिंग और कोल्ड स्टोरेज के निर्माण के लिए केंद्र सरकार द्वारा वायबिलिटी गैप फिंडग की जाएगी।
विलेज स्टोरेज स्कीम, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित की जाएंगी। इन समूहों से जुड़ी महिलाएं धान्य लक्ष्मी की भूमिका निभाएंगी। किसान रेल और कृषि उड़ान योजना से किसानों के उत्पाद को मार्केट तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। हॉर्टीकल्चर के लिए 1 प्रोडक्ट 1 डिस्ट्रिक्ट की बात कही गई है। जैविक खेती के लिए ऑनलाईन मार्केट उपलब्ध करवाया जाएगा।

दूध के प्रोडक्शन को दोगुना करने के लिए सरकार की ओर से योजना चलाई जाएगी। मनरेगा के अंदर चारागार को जोड़ा जाएगा। ब्लू इकॉनोमी के जरिए मछली पालन को बढ़ावा दिया जाएगा. फिश प्रोसेसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।
कृषि और हॉर्टीकल्चर में लिए गए इन निर्णयों से उत्तराखण्ड के किसानों को भी बहुत फायदा होगा। इससे पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन को रोकने में मदद मिलेगी।