1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. रोहतास में 4 घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही वंदे भारत एक्सप्रेस, यात्रियों को हुई परेशानी

रोहतास में 4 घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही वंदे भारत एक्सप्रेस, यात्रियों को हुई परेशानी

रोहतास के शिवसागर के पास वंदे भारत एक्सप्रेस तकनीकी खराबी के कारण करीब 4 घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही। ब्रेकिंग सिस्टम में आई गड़बड़ी के चलते ट्रेन बीच रास्ते में रुक गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। बाद में रेलवे तकनीकी टीम ने समस्या को ठीक कर ट्रेन को आगे रवाना किया।

By: Nivedita 
Updated:
रोहतास में 4 घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही वंदे भारत एक्सप्रेस, यात्रियों को हुई परेशानी

रोहतास जिले में शुक्रवार देर रात वाराणसी से रांची जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20888) तकनीकी खराबी के कारण करीब चार घंटे तक शिवसागर के समीप ट्रैक पर खड़ी रही। यह घटना सासाराम जंक्शन से पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय–गया रेलखंड पर हुई।

ब्रेकिंग सिस्टम में आई तकनीकी खराबी

जानकारी के अनुसार ट्रेन में ब्रेकिंग सिस्टम से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आने के बाद उसे बीच रास्ते में रोकना पड़ा। अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा और कई यात्री देर रात तक ट्रेन में ही फंसे रहे।

तकनीकी टीम ने चार घंटे में दुरुस्त की समस्या

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। इंजीनियरों ने कड़ी मशक्कत के बाद खराबी को ठीक किया। लगभग चार घंटे की मरम्मत के बाद ट्रेन को दोबारा संचालन के लिए तैयार कर रांची की ओर रवाना किया गया।

 

यात्रियों को हुई परेशानी, सुरक्षा बल भी पहुंचे मौके पर

इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य रेलकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। यात्रियों का कहना था कि राहत और सहायता टीम के पहुंचने में देरी हुई, जिससे रात के समय असुविधा और चिंता का माहौल बना रहा।

रेलवे प्रशासन की ओर से बयान नहीं

सासाराम स्टेशन प्रबंधन ने इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, देश की सबसे आधुनिक ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस के बीच रास्ते में घंटों रुकने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

रिपोर्ट – मिथिलेश कुमार

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...