झांसी। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए हॉट स्पॉट इलाकों में फिर से सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहां की गलियों व चौराहों को बंद कर 24 घंटे के लिए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। एसएसपी ने रात के समय बेवजह घर से निकलने वालों पर एफआईआर के निर्देश दिए हैं।
पिछले दिनों महानगर के बिसातखाना, ओरछा गेट, नंदनपुरा, नझाई बाजार, तालपुरा, बल्लमपुर गांव, हंसारी में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद इन इलाकों को हॉट स्पॉट घोषित करने के बाद रास्ते बंद कर दिए गए थे। धीरे-धीरे इन इलाकों के मरीज ठीक होने के बाद ढील देना शुरू कर दी गई थी।
पिछले तीन से चार दिन में पुन: कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ने के बाद एसएसपी डी प्रदीप कुमार ने हॉट स्पॉट इलाकों में सुरक्षा बरतने के निर्देश दिए। शनिवार को महानगर के हॉट स्पॉट इलाकों में फिर से सुरक्षा बढ़ा दी गई है।