उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक टायर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना से आसपास में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं।
अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी इलाके के सारसौल स्थित संगम विहार कॉलोनी में घनी आबादी के बीचों-बीच एक टायर फैक्टरी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने के चलते फैक्ट्री के अंदर से लेकर बाहर तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना पुलिस और दमकल कंट्रोल रूम पर दी गई। मौके पर दमकल की चार गाड़ियां पहुंच गई। आग बुझाने के दौरान फैक्टरी में कार्य करने वाला एक युवक मलबे में दब गया। जिसे आनन-फानन में निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
मौके पर मौजूद कर्मचारी और दमकल अधिकारियों के अनुसार सराय रहमान निवासी हसीन नाम के व्यक्ति की पिछले काफी वक्त से सारसौल स्थित संगम विहार कॉलोनी में टायर की फैक्टरी संचालित है। जिसमें टायर पर रबड़ चढ़ाने का कार्य किया जाता है।