(चम्पावत से सुरेन्द्र लडवाल की रिपोर्ट)
उत्तराखंड: प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना वायरस को लेकर किए गए अलर्ट के चलते पूरे प्रदेश में 31 मार्च तक सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर अन्य सभी ऐसे सरकारी कार्यक्रमो पर रोक लगा दी गई है। जिसमे बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र होने की संभावना हो, कोरोना वायरस के इस अलर्ट को देखते हुए चम्पावत जिला प्रशासन ने भी के सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि धाम मेले पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने का निर्णय लिया है।
ज्ञात हो कि बीते ग्यारह मार्च को ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत द्वारा मेले का भव्य उदघाटन किया गया था। उत्तर भारत के इस प्रसिद्ध मेले में देश विदेश से हर वर्ष लाखों की संख्या में भक्त माता सती के नाभि स्थल के दर्शन करने व मन्नत मांगने पूर्णागिरि धाम आते है। इस मेले का संचालन 97 दिनों तक जिला पंचायत चम्पावत द्वारा किया जाना था।
परन्तु देश व प्रदेश में कोरोना वायरस को लेकर किए गए अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने मेले में आने वाले भक्तों के विशाल जन समूह की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेले का संचालन अग्रिम आदेश तक रोकने का फैसला राज्य सरकार की अनुमति से लिया है ।