(मसूरी से बिजेन्द्र पंवार की रिपोर्ट)
पहाड़ों की रानी मसूरी सहित धनोल्टी व जौनपुर विकासखण्ड में दूसरे दिन भी मौसम का कहर जारी है। झमाझम बारिश और बर्फवारी से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। बता दें कि, पर्यटन नगरी मसूरी गत शुक्रवार से घने कोहरे और मूसलाधार बारिश के बीच तरबतर हो चुकी है।

लगातार 24 घण्टे से जारी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही। जबकि मुख्य पर्यटक स्थल धनोल्टी, सुरकंडा देवी और जौनपुर विकासखण्ड के कई क्षेत्रों में सीजन के 12वां हिमपात ने आमजनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। धनोल्टी में बीते शुक्रवार से ही बारिश के साथ बर्फवारी पड़नी शुरू हो गई थी।

शनिवार सुबह तक जारी रही। देखते ही देखते सम्पूर्ण धनोल्टी क्षेत्र सफेद ओढ़नी के बीच सिमट गया है। मौसम के लगातार बदलते मिजाज से तापमान में भारी गिरावट आ गई है, जिससे शहर क्षेत्र में जनवरी महीने जैसी हाड़ कपा देने वाली ठंड ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। इसके साथ अचानक हुई भारी बारिश के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है और उनके खेतों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई।