देहरादून: पहले लोकसभा विधानसभा और जिला स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते थे। यह बात भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने सोमवार को महानगर के प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर बूथ स्तर के कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ हैं, जिन्हें आज के बदलते परिपेक्ष्य में अपडेट और सक्रिय रखना आवश्यक है। मंडलों में प्रशिक्षण के लिए उन्होंने कार्यर्ताओं से कहा कि वह पार्टी की रीति-नीति से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को तो अवगत कराएं और साथ ही उनसे संवाद भी स्थापित करें।
उन्होंने प्रत्येक मंडल में एक सुझाव पेटी रखने को भी कहा, जिससे कार्यकर्ता अपनी बात संगठन तक पहुंचा सकें। इस पेटी को खोलने का अधिकार सिर्फ प्रदेश स्तर से चयनित पदाधिकारियों को होगा। संगठन महामंत्री ने कहा कि बूथ कार्यकर्ता ही भविष्य में पार्टी का नेतृत्व संभालेंगे।
कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर संगठन और सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों का अधिक से अधिक प्रचार करने के लिए कहा। उत्तराखंड में 2022 में होने वाले चुनाव के लिए संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं को अभी से तन्मयता के साथ जुट जाने के लिए कहा।
उन्होंने कोरोनाकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के किए गए सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यही सेवा भाव पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों से अलग करता है और आगे ले जाता है।
प्रदेश प्रवक्ता विनय रोहिल्ला ने कहा कि मंडल स्तर तक प्रशिक्षण वर्ग होने से बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से प्रदेश नेतृत्व का संवाद होगा। महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने कहा, हमें गर्व है कि हम पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के सिद्धांतों पर कार्य करते हैं।
महानगर प्रशिक्षण प्रमुख रविंद्र कटारिया ने भविष्य में आयोजित किए जाने वाली मंडल प्रशिक्षण वर्ग की संरचना के बारे में बताया। इस मौके पर महानगर महामंत्री सतेंद्र नेगी, रतन चौहान, विनय गोयल, वीरेंद्र बिष्ट, अभिमन्यु कुमार, सचिन गुप्ता, भगवत प्रसाद, मकवाना चौधरी, अजीत सिंह, खेम सिंह पाल, ओमवीर सिंह, हरीश डोरा, महेश्वर बहुगुणा आदि उपस्थित रहे।