देहरादून: उत्तराखंड से खाली होने जा रही एक मात्र राज्यसभा सीट का चुनाव कार्यक्रम जारी हो गया है। उक्त सीट से सांसद राजबब्बर का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक 20 अक्तूबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी।
27 अक्तूबर तक नामांकन होगा इसके बाद 28 को जांच के बाद उम्मीदवार दो नवंबर को नाम वापसी ले पाएंगे। जबकि नौ नवंबर को सुबह नौ से शाम चार बजे तक मतदान के बाद, मतगणना होगी।
आयोग के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया में शामिल लोग मास्क पहने रहेंगे, साथ ही हॉल में प्रवेश करते समय थर्मल स्कैनिंग और सेनिटाइजर का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान सदस्य रिटर्निंग अधिकारी द्वारा दिए गए विशेष वायलेट कलर के स्कैच पेन से ही अपना मत दर्ज कर पाएंगे। शेष कोई भी पेन इसके लिए मान्य नहीं होगा।