{ ऋषिकेश से अमित सिंह कांडियाल की रिपोर्ट }
जम्मू कश्मीर के सियाचिन में तैनात चंबा ब्लॉक के साबली गांव निवासी एक सैनिक की मौत हो गई है. जवान की मौत का कारण ठंड से होना बताया जा रहा है. इस खबर से परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है.
हवलदार रमेश बहुगुणा (38) पुत्र स्व. टीकाराम बहुगुणा वर्ष 2002 में महार रेजीमेंट में सेना में भर्ती हुए थे. परिजनों के मुताबिक अगस्त 2019 में उनकी तैनाती सियाचिन में हुई थी. बीती 31 जनवरी 2020 को हवलदार बहुगुणा की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए एक फरवरी को चंडीगढ़ स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया था.
सैनिक की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में मातम छा गया है. वह अपने पीछे दो छोटे बच्चे, पत्नी, मां और दो बड़े भाई को छोड़ गए हैं. उनके भाई दिनेश दत्त बहुगुणा ने बताया कि ऋषिकेश स्थित पूर्णानंद घाट में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा.