1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. अयोध्या में भव्य राम मंदिर के शिलान्यास समारोह को लाइव देख सकेंगे आप, हो रही तैयारी

अयोध्या में भव्य राम मंदिर के शिलान्यास समारोह को लाइव देख सकेंगे आप, हो रही तैयारी

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
अयोध्या में भव्य राम मंदिर के शिलान्यास समारोह को लाइव देख सकेंगे आप, हो रही तैयारी

5 अगस्त को अयोध्या में रामजन्मभूमि पर भगवान राम के भव्य मंदिर के शिलान्यास और भूमि पूजन के पूरे कार्यक्रम का दूरदर्शन और आकाशवाणी सीधा प्रसारण करेंगे। आकाशवाणी से अंग्रेजी व हिन्दी में सजीव आंखों देखा हाल प्रसारित किया जाएगा। इसके लिए आकाशवाणी लखनऊ केन्द्र में तैयारी शुरू हो गई है। आकाशवाणी का यह राष्ट्रीय प्रसारण होगा। 

इसी क्रम में दूरदर्शन इस पूरे कार्यक्रम का सजीव प्रसारण करेगा। इस प्रसारण के लिए खासतौर पर नई दिल्ली से दूरदर्शन की हाई डिफिनेशन ओबी वैन लाई जा रही है। लखनऊ दूरदर्शन की टीम भी इस प्रसारण में सहयोग करेगी। इसके साथ ही समाचार एजेंसी एएनआई को भी आयोजन स्थल से प्रसारण करने की अनुमति मिलेगी।

इसके अलावा अन्य किसी भी टीवी चैनल या मीडिया टीम को आयोजन स्थल से कवरेज करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए अयोध्या में राम की पैड़ी पर अन्य चैनलों के लिए डीएसएनजी न्यूज रूम बनवाया जा रहा है। यह चैनल एएनआई और दूरदर्शन से फीड लेकर प्रसारण करेंगे। प्रिंट मीडिया के लिए रामकथा संग्रहालय में प्रेस रूम बनाया जा रहा है। समाचार पत्रों को कार्यक्रम के फोटोग्राफ भी सूचना विभाग उपलब्ध करवाएगा। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरोना संक्रमण और प्रधानमंत्री व अन्य वीवीआईपी लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर आयोजन स्थल पर बहुत सीमित उपस्थिति की व्यवस्था की जा रही है। इसी वजह से आयोजन स्थल पर मीडिया के सभी माध्यमों को अनुमति नहीं दी जा रही है। 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...