1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. राममंदिर भूमिपूजन का उल्‍लास, सजधज कर तैयार हुआ गोरखपुर, रोशनी से जगमगाया गोरखनाथ मंदिर

राममंदिर भूमिपूजन का उल्‍लास, सजधज कर तैयार हुआ गोरखपुर, रोशनी से जगमगाया गोरखनाथ मंदिर

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
राममंदिर भूमिपूजन का उल्‍लास, सजधज कर तैयार हुआ गोरखपुर, रोशनी से जगमगाया गोरखनाथ मंदिर

अयोध्या में श्रीरामजन्‍मभूमि पर भव्‍य मंदिर निर्माण के लिए  बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूमिपूजन और शिलान्‍यास करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह मौका पांच पीढि़यों के संघर्षों के प्रतिफल का है। जाहिर मंदिर निर्माण की शुरुआत से गोरक्षपीठ में उत्‍साह है। मंगलवार को यह उत्‍साह और उल्‍लास पूरे गोरखपुर में देखने को मिला। पिछले कई दिनों से चल रही तैयारी के बीच एक तरफ जहां शहर और इसके प्रमुख चौराहे सज धज कर तैयार हैं वहीं शाम होते-होते गोरखनाथ मंदिर रोशनी से जगमग हो उठा। 

नाथ संप्रदाय की सिद्ध पीठ गुरु गोरखनाथ मंदिर समेत सभी मठ-मंदिर में रामधुन के बीच दीपोत्सव मंगलवार से शुरू हो गया। यह सिलसिला बुधवार को भी जारी रहेगा। सोशल डिस्टेसिंग के साथ बेतियाहाता स्थित मंगला देवी मंदिर, अधियारीबाग स्थित मानसरोवर मंदिर में भी मंगलवार को महाकवि तुलसीदार रचित राम चरित मानस का 24 घंटे का अखण्ड पाठ शुरू हो गया। शाम 6.30 बजे गोरखनाथ मंदिर समेत मंगलादेवी मंदिर और मानसरोवर मंदिर इलेक्ट्रिक लाइटों एवं मिट्टी के दीपक के जगमग हो उठा। गोरखनाथ मंदिर के रामदरबार में सोमवार से ही 48 घंटे का अखण्ड रामचरित मानस का पाठ जारी है जिसकी पूर्णाहूति बुधवार अपराह्न संपंन्न होगी। 

गुरु गोरखनाथ मंदिर, मंगलादेवी मंदिर और मानसरोवर मंदिर को सोमवार से ही इलेक्ट्रिक लाईटों से सजाने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंगलवार को शाम ढलते ही दीपोत्सव के साथ इलेक्ट्रिक लाईटों की रोशन में नहाए मंदिर रामचरित मानस की चौपाईयों के बीच लोगों को आध्यात्मिक भावनाओं से भर रहे थे। मंदिर की छटा और रामचरित मानस की चौपाईयां अंतर्मन को खुशी से भर रहीं थीं। गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ की अगुवाई में मुख्यमंदिर में शिवावतारी गुरु गोरखनाथ के समक्ष दीप जला गोरखनाथ मंदिर में दीपोत्सव की शुरूआत हुई। 

उनके साथ मंदिर सचिव द्वारिका तिवारी, पुजारी योगी सूरजनाथ, वीरेंद्र सिंह, विनय गौतम शामिल हुए। इसके साथ मंदिर परिसर में स्थापित सभी देव विग्रह एवं साधियों में दीप जलाए गए। गोरक्षपीठ से जुड़े अंधियारीबाग के मानसरोवर मंदिर में पुजारी योगी मुकेश की अगुवाई में रामदरबार में चल रहे अखण्ड रामचरित मानस पाठ के बीच सभी देवालय में दीपोत्सव मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालु भी शामिल हुए लेकिन सोशल डिस्टेसिंग का सख्ती से पालना की गई। उधर बेतियाहाता मंगला माता मंदिर में अखण्ड रामचरित मानस पाठ के बीच योगी सहजनाथ की अगुवाई में दीपोत्सव शुरू हुआ। यहां 200 से ज्यादा दीप प्रज्ज्वलित किए गए। मंदिर में इलेक्ट्रिक लाईटों का प्रकाश उसकी शोभा बढ़ा रहा था। दीपोत्सव का यह क्रम बुधवार की शाम भी जारी रहेगा। गोलघर स्थित काली माता मंदिर को भी इलेक्ट्रिक लाईटों से सजाया गया। यहां भी दीपोत्सव का आयोजन हुआ। बेतियाहाता हनुमान मंदिर में भी दीपोत्सव मना। उधर कौड़ीराम के बनियापार में नेबूलाल के घर में अखण्ड महापाठ शुरू हुआ, शाम को दीपोत्सव भी किया गया। 

पांच सौ साल से था मंदिर निर्माण का इंतजार
गोरखनाथ मंदिर के कार्यालय सचिव द्वारिका तिवारी कहते हैं कि गोरक्षपीठ के सभी मठ, मंदिर और शिवालय में दीपोत्सव एवं रामधुन का आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक अवसर है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में अयोध्या में कल करोड़ों लोगों की श्रद्धा के प्रतीक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का मंदिर बनने की शुरूआत होगी। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण मंदिर परिवार एवं मंदिर से जुड़े श्रद्धालु बेहद प्रसन्न हैं। 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...