वहीं, कोरोना वायरस के कारण 22 मार्च से बंद नोएडा-ग्रेनो के बीच चलने वाली एक्वा लाइन की मेट्रो फिर से पटरी पर लौट आई है। इस लाइन के सभी स्टेशन परिसर, मेट्रो आदि को संक्रमण मुक्त किया जा चुका है। यहां हर दो घंटे में संक्रमण मुक्त की प्रक्रिया की जाएगी। रविवार को एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक प्रवीण कुमार ने सेक्टर-51 पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया था। उनकी देखरेख में कर्मचारियों के माध्यम से प्रवेश-निकासी और मेट्रो में सफर का मॉक ड्रिल कराया गया।
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए भारत सरकार ने मार्च के आखिर में देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की थी। इसके बाद से ही मेट्रो समेत सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट को देश भर में बंद कर दिया गया था। अगस्त के आखिर में भारत सरकार की तरफ से जारी अनलॉक-4 की गाइडलाइंस में 7 सितंबर से मेट्रो चलाने की इजाजत दे दी गई है। इसी के बाद दिल्ली, नोएडा और लखनऊ समेत अन्य शहरों में पांच महीने से अधिक समय के बाद मेट्रो का परिचालन एक बार फिर से शुरू हो रहा है।






