यूपी फुटबॉल संघ की आम सभा की बैठक 29 नवंबर को नदेसर स्थित ए आर टावर में हुई है। यह बैठक फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉक्टर संजय सिंह की अनुमति पर बुलाई गई थी। उनकी एब्सेंट में आम सभा की अध्यक्षता कर्नल एच पी पाठक ने की थी। बैठक में पिछली आम सभा की बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई है।
संयुक्त सचिव मोहम्मद शाहिद ने महासचिव का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही पिछले वर्ष के आय व्यय को पारित किया गया है। आम सभा की बैठक में अवकाश प्राप्त जस्टिस श्री के के सिंह की देखरेख में फुटबॉल संघ की नई कार्यकारिणी का चुनाव हुआ जिसमें श्री अरविन्द मेनन को अध्यक्ष पद पर चुना गया है।
इसके अलावा मोहम्मद शाहिद अवैतनिक महासचिव और श्री पुष्कर शर्मा समेत सात उपाध्यक्ष भी चुने गए। इसके अलावा बैठक में कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव सहित बारह कार्यकारिणी सदस्यों का भी चयन किया गया है।
इसके बाद अध्यक्ष अरविन्द मेनन ने अपने उद्बोधन में कहा कि गर्व की बात है, प्रदेश की टीम ने विगत वर्ष की बी.सी.रॉय ट्रॉफी को जीतकर नाम रोशन किया। इस कार्य से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर भी ऊँचा हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि यूपी फुटबॉल के विकास के लिए एक रुपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमें फुटबॉल को आम जन का खेल बनाना है। बंगाल, गोवा और केरल की तर्ज पर हम कोशिश करेंगे की इधर भी फुटबॉल का खेल ठीक वैसे ही लोकप्रिय हो।
गांव और जमीनी स्तर पर भी फुटबॉल के खेल को विकसित करने की योजना उन्होंने कही। उन्होंने कहा की जमीनी स्तर पर ही इस खेल के विकास के लिए प्रयास करने होंगे और यथा संभव सरकार का सहयोग भी इसमें लिया जाएगा।
आपको बता दे, यूपी ओलम्पिक एसोसिएशन के श्री प्रदीप पांडेय भी आब्जर्वर के रुप में उपस्थित थे। उत्तरप्रदेश संघ संबद्ध सभी जिला सचिव और अन्य पदाधिकारी की उपस्थिति शत प्रतिशत रही।