टीकमगढ़। पलेरा नगर परिषद में मंगलवार को साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास से जुड़े 50 बिंदुओं को एजेंडे में शामिल किया गया था। पार्षदों और परिषद अध्यक्ष ने विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान 33 बिंदुओं पर सहमति बनी, जबकि कुछ प्रस्तावों को निरस्त कर दिया गया और बाकी बिंदुओं पर आगामी परिषद की बैठक में चर्चा करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान नगर परिषद में विकास कार्यों और ठेकेदारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। चर्चा के दौरान पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुनील खटीक ने वर्तमान अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों पर भाई-भतीजावाद तथा रिश्तेदारों और चहेतों को लाभ पहुंचाने के आरोप लगाए।
इसके जवाब में भाजपा नेता और पार्षद प्रतिनिधि संजय अहिरवार (संजू बाबा) ने अपने वार्ड में विकास कार्यों से संबंधित चर्चा के दौरान पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पर ठेकेदारों के साथ पार्टनरशिप और हिस्सेदारी के आरोप लगाए। आरोप-प्रत्यारोप के बाद बैठक का माहौल गरमा गया।
पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुनील खटीक ने लगाए गए आरोपों को निराधार बताया और आरोपों के समर्थन में सबूत मांगे। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। परिषद की बैठक में हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने की बात सामने आई है।
वहीं, नगर विकास से जुड़े एजेंडों पर चर्चा के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी। परिषद के सदस्यों ने विकास कार्यों में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कुल 50 एजेंडों में से 33 बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद बाकी प्रस्तावों को अगली बैठक के लिए रखा गया।
नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवी उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार को परिषद की बैठक आयोजित हुई थी। इसमें 50 बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिनमें 33 बिंदुओं पर सहमति बनी। कुछ बिंदुओं को निरस्त किया गया, जबकि कुछ अन्य प्रस्तावों पर आगामी परिषद की बैठक में चर्चा की जाएगी।
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष गायत्री विनोद वर्मा, सीएमओ शिवी उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि सुनील खटीक, नगर परिषद उपाध्यक्ष संदीप रानू तिवारी, सब इंजीनियर मोनिका खरे, राजकुमार खरे, लेखपाल, छत्रपाल प्रजापति, एल्डरमैन, पार्षद और पार्षद प्रतिनिधियों सहित 15 वार्डों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।