नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गुरुवार रात को बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं 6 लोगों की हालत गंभीर है। आपको बता दें कि गुरुवार रात को बड़ी मस्जिद के पीछे मोहल्ला रोजा अर्जन में दो मंजिला मकान गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। जिनमें से 6 की हालत गंभीर है। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत बचाव का काम शुरु कर दिया। पुलिस ने मलबे से घायलों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला रोजा अर्जन में कमरूद्दीन और जमालुद्दीन राज मिस्त्री का दो मंजिला पुराना मकान गुरुवार रात 11 बजे अचानक से भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में चांदनी (18), शन्नो (55), गयासुद्दीन (17), मोहम्मद असाउददीन (19), हेरा( 10) और स्नेहा (12), संजीदा (37), मोहम्मद कैफ (8), मिस्बाह (18) और पड़ोस के अजीमुल्लाह (68) दब गए। घटना की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों संग राहत में जुटी जिला प्रशासन की टीम
सूचना पर स्थानीय लोगों और पुलिस के साथ जिला प्रशासन की टीम ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन ने मलबा हटाया। जानकारी के मुताबिक अब तक एक मासूम सहित 5 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में संजीदा, अजीमुल्ला, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद सैफ और मिस्वाह के नाम शामिल हैं। वहीं घायलों की हालत नाजुक बनी है।
मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर हुई 5
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे डीएम मनीष वर्मा और एसपी अजय साहनी सहित जिले के आला अधिकारियों ने राहत कार्यों का जायजा लिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी रही। एसपी अजय साहनी ने बताया कि परिवार वालों से बातचीत की गई है। परिवार वालों के मुताबिक मकान बहुत पुराना था और जर्जर था। इसके कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने रात को 2 लोगों की मरने की जानकारी दी थी लेकिन सुबह तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई। इसकी जानकारी एडिशनल एसपी शहरी संजय कुमार ने दी।