नई दिल्ली : देश में जारी फेस्टिवल महोत्सव के बीच एक बार फिर उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसे लेकर रेलवे स्टेशनों, मंदिरों और बस स्टैंड समेत भीड़भाड़े वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी जनपदों के पुलिस प्रभारियों और कमिश्नरेट को सतर्कता और निगरानी के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
डाक से आये धमकी भरे पत्र के बाद जारी किया गया हाई अलर्ट
बता दें कि यूपी में हाई अलर्ट हापुड़ और मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर डाक से आये एक धमकी भरे पत्र के बाद जारी किया गया है। पत्र में 26 नवंबर को यूपी के कई रेलवे स्टेशनों और महत्वपूर्ण स्थानों पर बम विस्फोट की धमकी देने की बात लिखी गई है। गौरतलब है कि पत्र में अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का नाम लिखा है।

रेलवे स्टेशनों और प्रमुख मंदिरों को उड़ाने की धमकी
इस संबंध में एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि पत्र साधारण डाक से आया है और उसमें यूपी के हापुड़ रेलवे स्टेशन समेत लखनऊ, कानपुर, खुर्जा, अलीगढ़, गोरखपुर, मुरादाबाद, टूंडला जैसे कई रेलवे स्टेशन और कुछ राज्यों के प्रमुख मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पत्र में लिखा है कि 26 नवंबर को उपरोक्त स्थानों पर सिलसिलेवार धमाके किए जाएंगे। पत्र मिलते ही प्रदेश भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी जगह पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों के साथ ही प्रतिष्ठित सरकारी व निजी इमारतों की सुरक्षा पुख्ता की जा रही है।
शांति भंग करने के लिए ऐसे पत्र भेजते हैं अराजक तत्व
इसके साथ ही एडीजी ने कहा कि पत्र कहां से आया है? इसके बारे में जानकारी के लिए पुलिस के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि अक्सर त्योहार के पहले कुछ अराजक तत्व शांति व्यवस्था भंग करने के उद्देश्य से ऐसे पत्र भेज देते हैं। पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही और चूक नहीं करेगी और धमकी भरे पत्र की गहराई से छानबीन के साथ ही प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।