नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में अभी कई माह शेष है, उससे पहले ही सभी पार्टियां जी तोड़ लगातार अपनी पार्टी को मजबूत करने में जुटी है। एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश में अपनी जमीन खोती कांग्रेस को अपनी जमीन की तलाश है, वहीं सपा और बसपा अपने अस्तित्व बचाने में जुटे है, जो कुछ सीटों तक सीमट कर रह गई है। इसी बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रियंका गांधी ने लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बड़ा ऐलान किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि ”आने वाले उत्तर प्रदेश के चुनावों में हम 40% टिकट (उम्मीदवार) हम महिलाओं को देंगें। यह निर्णय उन सब महिलाओं के लिए है जो चाहती हैं कि उत्तर प्रदेश में बदलाव आए, प्रदेश आगे बढ़े।” उन्होंने कहा कि ”महिलायें राजनीति में पूरी भागीदार होंगी. 2019 के चुनाव में जब आयी थी तो इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की कुछ लड़कियां मिली थी, उन्होंने बताया था कि होस्टल में लड़के लड़कियों के लिए कानून अलग थे। ये निर्णय उसके लिए जिसने गंगा यात्रा के दौरान मुझसे कहा था कि मेरे गांव में पाठशाला नहीं है। प्रयागराज की पारो के लिए जिसने हाथ पकड़कर कहा कि मैं नेता बनना चाहती हूं।”
प्रियंका गांधी ने कहा कि ”महिला को टिकट जाति के नहीं, सक्षमता के आधार पर दिया जाएगा। उसके क्षेत्र में लोग कितना पसंद करते हैं यह आधार होगा। हमें प्रत्याशी मिलेंगे भी, लड़ेंगी भी। इस बार मजबूत नहीं होंगी तो अगली बार होंगी। 2024 में इससे अधिक महिलाओं को मौका मिल सकता है।”