Rozgar Mela : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 12 जुलाई 2025 को देश के युवाओं को एक ऐतिहासिक उपहार देते हुए 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र सौंपे। यह आयोजन 16वें रोजगार मेले के तहत हुआ, जिसमें देशभर के हजारों युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी मिली। सबसे अधिक नियुक्तियां भारतीय रेल विभाग में हुईं, जो रोजगार का सबसे बड़ा स्रोत बनकर उभरा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज दुनिया मान रही है कि भारत के पास दो असीमित शक्तियाँ हैं — एक डेमोग्राफी (युवा आबादी) और दूसरी डेमोक्रेसी (लोकतंत्र)। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि देश में स्टार्टअप, इनोवेशन और रिसर्च का जो इकोसिस्टम विकसित हो रहा है, वह युवाओं के सामर्थ्य और संभावनाओं को नई ऊंचाई दे रहा है।प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे रोजगार मेलों के माध्यम से लाखों युवाओं को भारत सरकार में स्थायी नौकरियाँ मिली हैं, और ये सभी युवा अब देश की सेवा में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कर्मचारियों को यह संदेश भी दिया कि भले ही विभाग अलग-अलग हों, लेकिन लक्ष्य एक ही होना चाहिए — राष्ट्र सेवा। उन्होंने दोहराया कि “हमारा हर निर्णय, हर कार्रवाई ‘नागरिक प्रथम’ की भावना से प्रेरित होना चाहिए।” यह रोजगार मेला देश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, गरीबी रेखा से ऊपर उठाने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक और ठोस कदम साबित हुआ है।