प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई को बिहार के मोतिहारी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं और योजनाओं की सौगात दी। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी ने न केवल आम जनता से संवाद किया, बल्कि बिहार को विकसित बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत बिहार के ऐतिहासिक योगदान की सराहना से की। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग मेहनती, जागरूक और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन कांग्रेस और आरजेडी की पूर्ववर्ती सरकारों ने इस राज्य को वर्षों तक विकास से वंचित रखा। प्रधानमंत्री ने कहा, “पहले बिहार में लालटेन का दौर था, अब रोशनी का युग है। पहले डर और पलायन का माहौल था, अब विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में राज्य आगे बढ़ रहा है।”
इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने चार नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनों को वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये ट्रेनें दरभंगा–गोमतीनगर, बापूधाम मोतिहारी–आनंद विहार, मालदा टाउन–गोमतीनगर, और कटिहार–हावड़ा के बीच चलेंगी। इन आधुनिक ट्रेनों से न केवल बिहार और पूर्वी भारत की राजधानी दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि यात्रा अनुभव भी अधिक आरामदायक होगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि बिहार में लगभग 7200 करोड़ रुपये की रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर काम शुरू हो रहा है, जिसमें नई रेल लाइनों, स्टेशनों के आधुनिकीकरण और कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दी गई है। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार बिहार को आधुनिक उद्योग, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का भी ज़िक्र किया और बताया कि पिछले 11 वर्षों में देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर मिले हैं, जिनमें से 60 लाख से ज्यादा केवल बिहार में बनाए गए हैं। उन्होंने मोतिहारी जिले का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां 3 लाख परिवारों को अब तक अपने सपनों का घर मिल चुका है।
साथ ही, उन्होंने ‘लखपति दीदी योजना’ की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि अब तक देशभर में एक करोड़ से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं, जिनमें से 20 लाख महिलाएं केवल बिहार से हैं।
प्रधानमंत्री ने “ऑपरेशन सिंदूर” का भी ज़िक्र किया, जिसे उन्होंने महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया।
अपने पूरे संबोधन में पीएम मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कहा कि अब बदले की राजनीति नहीं, बल्कि विकास की राजनीति ही आगे बढ़ेगी