रेलवे क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी बिहार को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। राज्य को चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का तोहफा मिलेगा। ये ट्रेनें राजेंद्र नगर टर्मिनल (पटना) से नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी से दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल), दरभंगा से लखनऊ (गोमती नगर) और मालदा टाउन से लखनऊ (भागलपुर होते हुए) के बीच चलेंगी। इसके साथ ही दरभंगा-थलवारा और समस्तीपुर-रामभद्रापुर रेल खंड के दोहरीकरण की शुरुआत होगी। दरभंगा-नरकटियागंज रेललाइन के दोहरीकरण की परियोजना लगभग 4,080 करोड़ रुपये की है, जो उत्तर बिहार की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती देगी। समस्तीपुर-बछवाड़ा और भटनी-छपरा ग्रामीण रेल सेक्शन में ऑटोमैटिक सिग्नलिंग और ट्रैक्शन सिस्टम का उन्नयन किया जाएगा। पटना में वंदे भारत ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर की नींव भी रखी जाएगी।
सड़क क्षेत्र में भी राज्य को नई परियोजनाएं मिलेंगी। प्रधानमंत्री आरा बाइपास (NH-319) की चार लेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू करेंगे, जो आरा-मोहनिया और पटना-बक्सर हाइवे को जोड़ेगा। पररिया से मोहनिया तक के 4-लेन खंड को जनता को समर्पित किया जाएगा, जिसकी लागत 820 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा NH-333C पर सरवन से चकाई तक की सड़क का निर्माण बिहार और झारखंड के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा।
आईटी और स्टार्टअप सेक्टर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दरभंगा में नया सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) सेंटर और पटना में अत्याधुनिक इनक्यूबेशन फैसिलिटी का उद्घाटन किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को आईटी, स्टार्टअप और डिजिटल क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
मत्स्य पालन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत फिश हैचरी, बायोफ्लॉक यूनिट्स, एक्वाकल्चर यूनिट्स और फिश फीड मिल्स जैसी सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीण रोजगार को प्रोत्साहित करना, मत्स्य उत्पादन बढ़ाना और महिला उद्यमिता को मजबूती देना है।
प्रधानमंत्री महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाएंगे। इस दौरान वे करीब 61,500 स्वयं सहायता समूहों को 400 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 12,000 परिवारों को गृह प्रवेश की चाबियां सौंपी जाएंगी और 40,000 लाभार्थियों को 160 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।