छत्तीसगढ़ : एम्स रायपुर में आज BHISHM नामक एक अभिनव स्वास्थ्य पहल का शुभारंभ किया गया। यह पहल आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, सुगम और सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।उद्घाटन समारोह में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रही। इस पहल के माध्यम से ऐसी व्यवस्था विकसित की गई है, जिसके अंतर्गत आपदा या संकट के समय सीमित संसाधनों में भी प्रभावी और समन्वित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस अभिनव प्रयास के लिए एम्स रायपुर की टीम को शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि यह मॉडल देशभर के स्वास्थ्य संस्थानों के लिए एक मिसाल बनेगा। एम्स रायपुर के निदेशक ने बताया कि BHISHM के अंतर्गत विशेष ‘मेडिकल क्यूब्स’ तैयार किए गए हैं, जिनमें आपातकालीन औषधियां, चिकित्सकीय उपकरण और प्रशिक्षण सामग्री शामिल होगी। इन क्यूब्स को दूरदराज और आपदाग्रस्त क्षेत्रों में शीघ्रता से पहुंचाया जा सकेगा।