बुरहानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ता पेट्रोल पंपों पर पहुंचे और वाहन चालकों को मेलोडी चॉकलेट बांटी। साथ ही तंज भरे अंदाज में कहा कि “मेलोडी खाओ… रेट बढ़ाओ… और महंगाई भूल जाओ।”
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उनका आरोप है कि सरकार महंगाई के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए “मीठे संदेशों” का सहारा ले रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में चॉकलेट लेकर वाहन चालकों को बांटते नजर आए। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि अगर पेट्रोल महंगा है तो कम से कम “मेलोडी” से मूड मीठा किया जा सकता है। इस दौरान कई लोगों ने हल्के-फुल्के अंदाज में इस विरोध को स्वीकार भी किया।
कांग्रेस नेता अजय रघुवंशी और हेमंत पाटील ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उनका कहना था कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है और केवल इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त है।
बुरहानपुर में हुआ यह अनोखा प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। किसी ने इसे राजनीतिक व्यंग बताया तो किसी ने इसे महंगाई पर रचनात्मक कटाक्ष माना। हालांकि, इस प्रदर्शन ने शहर में एक हल्का-फुल्का माहौल जरूर बना दिया।