छिंदवाड़ा जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। तिलक मार्केट स्थित प्रसिद्ध केसरी नंदन नारियल वाले हनुमान मंदिर के भक्तों, ट्रस्ट सदस्यों और पुजारियों ने मंदिर में टंगे नारियलों को हटाने संबंधी नोटिस के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान भक्तों ने एसडीएम को सद्बुद्धि प्रदान करने की कामना भी की।
दरअसल, छिंदवाड़ा के तिलक मार्केट स्थित केसरी नंदन हनुमान मंदिर अपनी विशेष मान्यता और मंदिर में बड़ी संख्या में चढ़ाए जाने वाले नारियलों के लिए जाना जाता है। हाल ही में एसडीएम सुधीर कुमार जैन द्वारा मंदिर प्रशासन को नोटिस जारी कर मंदिर परिसर में टंगे नारियलों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन की ओर से यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उठाया गया बताया जा रहा है।
मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, पुजारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े नारियलों को किसी भी स्थिति में नहीं हटाया जाए।

ad
मंदिर समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि सुरक्षा संबंधी कोई चिंता है तो मंदिर परिसर में आवश्यक सुरक्षा उपकरण और व्यवस्थाएं लगाने के लिए वे तैयार हैं, लेकिन मंदिर में वर्षों से चली आ रही परंपरा और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े नारियलों को हटाना स्वीकार नहीं होगा।
ज्ञापन सौंपने के बाद भक्तों ने कलेक्ट्रेट गेट के बाहर बैठकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से प्रार्थना करते हुए संबंधित अधिकारियों को सद्बुद्धि प्रदान करने की कामना की।
मामला अब प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। भक्तों का कहना है कि उनकी धार्मिक भावनाओं और परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए, जबकि प्रशासन सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर दे रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रशासन क्या निर्णय लेता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।