केंद्रीय गृह अमित शाह लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आज (मंगलवार को) मध्य प्रदेश के प्रवास पर छिंदवाड़ा आ रहे हैं। वे यहां भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित रोड शो में शामिल होंगे। गृह मंत्री शाह के छिंदवाड़ा आगमन एवं रोड शो के लिए भाजपा द्वारा आदिवासी अंचल से पारंपरिक गोंडी शैला नृत्य, क्षेत्रीय वेशभूषा, पुष्पवर्षा के साथ ही सम्पूर्ण मार्ग में साज सज्जा की गई है। वहीं, जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय गृह अमित शाह का शाम चार बजे छिंदवाड़ा हवाई पट्टी पर आगमन होगा। वे यहां पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके उपरांत शाह शाम 5.30 बजे छिंदवाड़ा के फव्वारा चौक से रथ पर सवार होकर गल्ला बाजार, कमानिया गेट, गोल गंज, मन्ना महाराज मेन रोड होते हुए नगर शक्ति पीठ बड़ी माता मंदिर, छोटी बाजार तक रोड शो करेंगे। इसके बाद वे श्री राम मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे।
केन्द्रीय गृह मंत्री शाह का छिंदवाड़ा में रोड शो कुल 720 मीटर लंबा होगा। रोड शो में अमित शाह भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनता से वोट देने को अपील करेंगे। रोड शो में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, महाकौशल क्लस्टर प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय मौजूद रहेंगे।
मध्य प्रदेश में 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर में भाजपा दो सीट नहीं जाती पाई थी। गुना-शिवपुरी और छिंदवाड़ा सीट शामिल थी। 2019 के चुनाव में भाजपा ने 29 में से 28 सीटें जीती, लेकिन छिंदवाड़ा से कांग्रेस के नकुलनाथ चुनाव जीते। इस बार भाजपा ने प्रदेश की सभी 29 की 29 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है।
कमलनाथ कांग्रेस के करिश्माई नेता हैं। 44 साल में उन्होंने 11 चुनाव जीते। भाजपा ने उन्हें घेरने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल जैसे दिग्गजों को उतारा है, उनका मजबूत किला नहीं भेद पाए। 77 की उम्र में पहली बार वह भाजपा के सियासी चक्रब्यूह में उलझे दिख रहे हैं। छिंदवाड़ा सीट पर कमलनाथ 1980 में पहली बार सांसद बने। इसके बाद वह 9 बार सांसद रहे। 1997 के उपचुनाव में कमलनाथ पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा से चुनाव हार गए थे। हालांकि एक साल बाद आम चुनाव में फिर कमलनाथ ने चुनाव जीत लिया। अभी कमलनाथ छिंदवाड़ा सीट से विधायक हैं। इस सीट पर एक बार उनकी पत्नी अलका नाथ 1996 और बेटे नकुलनाथ 2019 में सांसद बने।
कमलनाथ का छिंदवाड़ा की जनता से चार दशक पुराना रिश्ता है। उनका जनता से भावनात्मक जुड़ाव है। अब वे जनता को उनके छिंदवाड़ा से जुड़ाव की बातें कर रहे हैं। उनको अपने पुराने दिन की याद दिला रहे हैं। पूरा नाथ परिवार चुनाव मैदान में उतर गया है। कमलनाथ भावनात्मक बयानों से आदिवासी वोटरों को साधने में जुटे हैं। छिंदवाड़ा में 38 प्रतिशत यानी साढ़े छह लाख आदिवासी वोटर हैं।