1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. वर्ल्ड अर्थ डे पर उज्जैन का ग्रीन मिशनः सिंहस्थ 2028 से पहले 1 लाख ‘वेटिवर ग्रास’ का लक्ष्य

वर्ल्ड अर्थ डे पर उज्जैन का ग्रीन मिशनः सिंहस्थ 2028 से पहले 1 लाख ‘वेटिवर ग्रास’ का लक्ष्य

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजा बाबू सिंह ने बताया कि उज्जैन की सभी प्रमुख जल संरचनाओं के किनारे कम से कम 1 लाख वेटिवर ग्रास स्लिप्स लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वेटिवर ग्रास को ‘वंडर ग्रास’ माना जाता है।

By: Naredra 
Updated:
वर्ल्ड अर्थ डे पर उज्जैन का ग्रीन मिशनः सिंहस्थ 2028 से पहले 1 लाख ‘वेटिवर ग्रास’ का लक्ष्य

उज्जैनः वर्ल्ड अर्थ डे पर महाकाल की नगरी उज्जैन से पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बड़ी पहल सामने आई है। बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग और आने वाले सिंहस्थ 2028 को देखते हुए अब कार्बन फुटप्रिंट कम करने के लिए खास प्लान तैयार किया गया है।

उज्जैन में वर्ल्ड अर्थ डे के मौके पर मध्यप्रदेश पुलिस, नगर निगम और सामाजिक संगठनों ने मिलकर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। कमल तालाब क्षेत्र में ‘वेटिवर ग्रास’ का रोपण कर इस अभियान की शुरुआत की गई। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजा बाबू सिंह ने बताया कि तेजी से बढ़ रहे तापमान और ग्लोबल वार्मिंग को देखते हुए यह पहल की गई है। खासतौर पर सिंहस्थ 2028 के दौरान शहर में बढ़ने वाले कार्बन फुटप्रिंट को ध्यान में रखते हुए यह योजना तैयार की गई है।

उन्होंने बताया कि उज्जैन की सभी प्रमुख जल संरचनाओं के किनारे कम से कम 1 लाख वेटिवर ग्रास स्लिप्स लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वेटिवर ग्रास को ‘वंडर ग्रास’ माना जाता है। इसकी कार्बन अवशोषण क्षमता बेहद तेज होती है और यह कम समय में वातावरण से हानिकारक CO2 को कम करने में मददगार साबित होती है। जहां एक ओर पेड़ लगाने की प्रक्रिया लंबी होती है, वहीं वेटिवर ग्रास तेजी से असर दिखाने वाला विकल्प माना जा रहा है। यही वजह है कि इसे बड़े स्तर पर लगाने की योजना बनाई गई है।

इस अभियान में मध्यप्रदेश पुलिस, नगर निगम, ट्रेनिंग पुलिस यूनिट और विभिन्न एनजीओ संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। ताकि आने वाले सिंहस्थ में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन से होने वाले पर्यावरणीय प्रभाव को कम किया जा सके। साफ है कि इस बार उज्जैन सिर्फ धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी एक नया मॉडल पेश करने की तैयारी में है।

उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...