1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में दो और शव बरामद

बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में दो और शव बरामद

इस हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार कई यात्रियों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, जो इस दुर्घटना का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। अब प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

By: Naredra 
Updated:
बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में दो और शव बरामद

जबलपुरः बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे प्रदेश को गहरे सदमे में डाल दिया है। शनिवार शाम करीब 6 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गोताखोरों ने पानी से दो और शव बरामद किए। बरामद दोनों शव मासूम बच्चों के हैं, जिनकी पहचान कोतवाली क्षेत्र निवासी 6 वर्षीय विराज सोनी और तमिलनाडु निवासी 5 वर्षीय तमिल (पिता कामराज) के रूप में हुई है।

इन बच्चों की तलाश पिछले कई घंटों से लगातार की जा रही थी। जैसे ही गोताखोरों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला, मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

अब तक इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार जुटी हुई हैं। शनिवार सुबह से ही सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें डैम के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। गोताखोर बोट के जरिए गहरे पानी में उतरकर हर संभव स्थान पर खोजबीन कर रहे हैं।

हालांकि, दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हो गया, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में रुकावट आई। तेज आंधी और तेज हवाओं के कारण डैम में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे गोताखोरों को काम करने में कठिनाई हुई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई बार सर्च ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। इसके बावजूद टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और मौसम ठीक होते ही फिर से तेजी से तलाश शुरू कर दी जाती है।

इस हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार कई यात्रियों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, जो इस दुर्घटना का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। अब प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल, हर किसी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं। लापता लोगों के परिजन उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उनके अपने जल्द मिल जाएं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

जबलपुर से संवाददाता दिनेश चौधरी की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...